CNG Latest Rates: राजधानी दिल्ली और एनसीआर के वाहन चालकों को अब अपने सफर के लिए थोड़ी और ज्यादा जेब ढीली करनी पड़ेगी। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने राजधानी दिल्ली में कंप्रेस्ड नेचुरल गैस (CNG) के दामों में बढ़ोतरी कर दी है। शुक्रवार रात जारी अधिसूचना के मुताबिक, दिल्ली में CNG की कीमत ₹1 प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई है, जो अब ₹77.09 प्रति किग्रा हो गई है। यह नई दरें 3 मई 2025 सुबह 6 बजे से लागू हो गई हैं।
NCR के अन्य शहरों में भी कीमतों में बढ़ोतरी
सिर्फ दिल्ली ही नहीं, बल्कि नोएडा और गाजियाबाद के उपभोक्ताओं को भी अब सीएनजी के लिए ज़्यादा भुगतान करना होगा। यहां भी दरों में ₹1 प्रति किग्रा की बढ़ोतरी की गई है। अब इन दोनों शहरों में CNG की कीमत ₹85.70 प्रति किग्रा हो गई है, जबकि पहले यह ₹84.70 थी।
अपने शहर में चेक करें CNG की ताजा कीमत
देश के विभिन्न शहरों में अब सीएनजी की दरें इस प्रकार हैं:
शहर | नई कीमत (₹/किग्रा) |
---|---|
दिल्ली | ₹77.09 |
नोएडा | ₹85.70 |
गाजियाबाद | ₹85.70 |
गुरुग्राम | ₹83.12 |
कानपुर | ₹89.92 |
मेरठ | ₹87.08 |
दिल्ली IGL के लिए सबसे बड़ा बाजार
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड की सीएनजी बिक्री में दिल्ली की हिस्सेदारी सबसे अधिक है। कंपनी की कुल बिक्री का करीब 70% हिस्सा अकेले दिल्ली से आता है। बाकी 30% हिस्से में नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम जैसे एनसीआर क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में दिल्ली में कीमत बढ़ने का असर IGL की कमाई पर सीधा पड़ता है।
बढ़े दाम, बढ़ेगा ट्रांसपोर्ट का खर्च
तेल और गैस की कीमतों में बार-बार हो रही बढ़ोतरी का असर अब आम आदमी की जेब पर साफ़ दिखने लगा है। CNG के ताज़ा बढ़े दाम खासकर उन लोगों को ज़्यादा प्रभावित करेंगे जो रोज़ ऑटो, टैक्सी या निजी वाहन से सफर करते हैं। ट्रांसपोर्ट सेक्टर से जुड़े लोगों का कहना है कि अगर कीमतें यूं ही बढ़ती रहीं तो जल्द ही सार्वजनिक वाहनों का किराया भी बढ़ाना पड़ सकता है।
आम जनता परेशान
CNG के दाम बढ़ने से दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोग प्रभावित होंगे। वाहन चालकों के लिए जहां ईंधन की लागत बढ़ेगी, वहीं यात्रियों को भी महंगे सफर के लिए तैयार रहना होगा। लोगों का कहना है कि पहले से ही बढ़ती महंगाई से परेशान जनता को अब एक और झटका मिला है।
CNG की कीमतों में बढ़ोतरी क्यों?
हालांकि IGL ने अभी तक मूल्य वृद्धि के पीछे की स्पष्ट वजह नहीं बताई है, लेकिन एक्सपर्ट्स का मानना है कि वैश्विक गैस कीमतों में उतार-चढ़ाव, ट्रांसपोर्टेशन कॉस्ट और सरकारी टैक्स जैसी कई वजहों से घरेलू बाजार में CNG की कीमतों पर असर पड़ता है।
क्या आगे और बढ़ सकती हैं कीमतें?
ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े जानकारों का मानना है कि आने वाले महीनों में अगर वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल और गैस की कीमतें बढ़ती हैं, तो इसका असर भारत में भी पड़ सकता है। ऐसे में CNG की दरें और ऊपर जा सकती हैं।