Double Decker Bus: बिहार की राजधानी पटना में पर्यटन को एक नई दिशा देने के लिए बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) ने एक नई पहल शुरू की है। अब पर्यटकों को शहर की खूबसूरती और ऐतिहासिक स्थलों पर घुमाने के लिए राजधानी की सड़कों पर डबल डेकर बस दौड़ने वाली है। यह बस पर्यटकों को गंगा नदी के किनारे मौजूद ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दीदार कराएगी।
डबल डेकर बस का सफर और किराया
डबल डेकर बस में 40 सीटों की व्यवस्था होगी, जिनमें से 20 सीटें नीचे और 20 सीटें टॉप डेक पर होंगी। खास बात यह है कि अब लोग डबल डेकर बस की छत पर बैठकर गंगा नदी के मनोरम दृश्य और राजधानी के प्रमुख पर्यटन स्थलों का लुत्फ उठा सकेंगे। इस शानदार यात्रा के लिए मात्र 100 रुपये का किराया लगेगा। सफर के दौरान यात्रियों के बस में एक गाइड भी रहेगा, जो हर ऐतिहासिक स्थल और सांस्कृतिक महत्व की जानकारी देगा।
कहां से कहां तक चलेगी डबल डेकर बस
डबल डेकर बस की यात्रा पर्यटन विकास निगम के कार्यालय से शुरू होगी। इसके बाद दीघा रोटरी से कंगन घाट (Patna City) तक यह बस चलेगी। वापसी में भी यही रूट फॉलो किया जाएगा। सफर के दौरान यात्री गोलघर, गांधी मैदान, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस और बांस घाट जैसे सभी प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को देख पाएंगे। गंगा नदी के किनारे स्थित प्राचीन मंदिरों, मस्जिदों और अन्य ऐतिहासिक इमारतों का भी दीदार होगा।
दिन में दो बार चलेगी बस
फिलहाल यह बस दिन में दो बार चलाई जाएगी। पहले बार सुबह 9 बजे और दूसरी बार शाम को 4 बजे। लगभग 28 किलोमीटर की यह यात्रा एक घंटे में पूरी होगी। यात्रियों की संख्या और मांग को ध्यान में रखते हुए बस के समय में बदलाव किया जा सकता है।
गंगा पथ पर खूबसूरत नजारे
डबल डेकर बस को जेपी गंगा पथ पर चलाया जाएगा, जहां से गंगा के अद्भुत नजारे देखने को मिलेंगे। शुरुआती चरण में यह बस दीघा रोटरी से कंगन घाट तक की यात्रा करेगी। इस सफर में पर्यटकों को गंगा के किनारे बसे प्राचीन स्थलों और अन्य ऐतिहासिक स्थानों की खूबसूरत झलक देखने को मिलेगी।
डबल डेकर बस में सुविधाएं
यात्रा करने वाले पर्यटकों के सफर को आरामदायक और यादगार बनाने (Memorable And Comfortable Journey) के लिए बस को खूबसूरती से सजाया गया है। बस में स्नैक्स की भी सुविधा होगी, हालांकि इसके लिए यात्रियों को अलग से पैसे देने होंगे। ये बसें पहले से मौजूद थीं लेकिन पिछले 12 सालों से वर्कशॉप में खड़ी थीं। अब इन्हें पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पुनः उपयोग में लाया जा रहा है।
पर्यटकों को मिलेगी ऐतिहासिक स्थलों की जानकारी
यात्रा के दौरान बस में मौजूद गाइड पर्यटकों को गोलघर, सभ्यता द्वार, गांधी संग्रहालय, दरभंगा हाउस, बांस घाट और काली मंदिर जैसे स्थलों के इतिहास और उनके महत्व (Importance Of Historical Places) के बारे में बताएंगे। जेपी सेतु से गुजरते समय पर्यटक गंगा का मनोरम दृश्य भी देख सकेंगे।