School Holidays Extended: बिहार में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के कई जिलों में कोल्ड-डे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिनों तक घने कोहरे के साथ शीतलहर का दौर जारी रहेगा। ठंड के बढ़ते प्रभाव की गंभीरता को समझते हुए पटना के जिलाधिकारी ने 8वीं कक्षा तक के सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को 25 जनवरी तक बंद रखने का आदेश जारी किया।
पटना में 25 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल
राजधानी पटना में भीषण ठंड और शीतलहर को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी चंद्रशेखर सिंह ने सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 8 तक की पढ़ाई को 25 जनवरी तक स्थगित करने का निर्णय लिया। आदेश के अनुसार, कक्षा 8 से ऊपर की कक्षाओं का संचालन सुबह 9 बजे के बाद होगा।
सोमवार को खुलेंगे स्कूल
पटना में 8वीं तक के स्कूलों को शुक्रवार तक बंद रखा गया है, लेकिन छात्रों को अब सोमवार को स्कूल जाना होगा। 25 जनवरी को आखिरी शनिवार और उसके बाद रविवार होने की वजह से बच्चों को लगातार चार दिनों की छुट्टी मिल रही है।
बच्चों की सेहत को लेकर प्रशासन सतर्क
पटना के डीएम चंद्रशेखर सिंह ने आदेश में कहा कि कड़ाके की ठंड से बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है। ठंड की वजह से बच्चों में बीमारियां फैलने का खतरा है। एहतियात के तौर पर जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में 8वीं तक की शैक्षणिक गतिविधियों पर रोक लगाई गई है।
बिहार के 11 जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अररिया, गया, नवादा, जमुई, बांका और भागलपुर जिलों में अगले 24 घंटों तक घने कोहरे की संभावना जताई है। इन जिलों में ठंडी हवाओं के कारण तापमान में और गिरावट हो सकती है। राज्य के अधिकांश हिस्सों में न्यूनतम तापमान 10-14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 18-22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।
27 जनवरी को बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के चलते बिहार के कई हिस्सों में 27 जनवरी को हल्की बारिश की संभावना है। इस वजह से ठंड और बढ़ सकती है। राज्य के कुछ जिलों में नमी बढ़ने के कारण कोहरे का असर अधिक देखने को मिल रहा है। पिछले 24 घंटे में रोहतास सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दूसरी ओर, गोपालगंज का अधिकतम तापमान 27.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
अगले दो दिनों तक कोहरा रहेगा जारी
मौसम विभाग के अनुसार, बिहार के अधिकतर हिस्सों में अगले दो दिनों तक घने कोहरे का असर रहेगा। वहीं, 27 जनवरी को संभावित बारिश और 31 जनवरी तक ठंड से राहत नहीं मिलने का अनुमान है। विशेषज्ञों के मुताबिक, कोहरे और ठंड की वजह से जनजीवन में परेशानी बनी रहेगी। इस स्थिति में खासतौर पर बच्चों और बुजुर्गों की देखभाल पर ध्यान दिया जाना चाहिए।